Site icon Samagra Bharat News website

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का बड़ा दावा- ‘तीन महीने बाद गिर जाएगी TMC सरकार’

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,29जून।पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार तीन महीने बाद गिर जाएगी. इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 36 पर जीत दर्ज करेगी. BJP नेता का यह बयान तब आया है जब दो दिन पहले ही तृणमूल प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया था कि केंद्र में BJP नीत सरकार का कार्यकाल केवल छह महीने का बचा है, क्योंकि लोकसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में होंगे.

अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘पिछली बार भाजपा ने राज्य में 18 लोकसभा सीटें जीती थी. इस बार, हम कम से कम 36 सीटें जीतेंगे. लोगों का सरकार से भरोसा उठ गया है. मेरी बात लिख लीजिए, तीन महीने बाद टीएमसी सरकार नहीं रहेगी.’ वहीं, टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा नेता हताश होकर ऐसी टिप्पणियां कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, ‘पहले अधिकारी के उस दावे पर सवाल करना चाहिए कि राज्य सरकार दिसंबर 2022 तक गिर जाएगी. अब, वह फिर तीन महीने की समयसीमा दे रहे हैं. हम लोगों को उनकी टिप्पणियां गंभीरता से नहीं लेने की सलाह देंगे, क्योंकि वह हताश होकर बोल रहे हैं.’ भाजपा के पश्चिम बंगाल से 36 सीटें जीतने के अधिकारी के दावे पर घोष ने कहा कि पार्टी को खुली आंखों से सपने देखना बंद करना चाहिए.

Exit mobile version