Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली में यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड 208.62 मीटर तक पहुंचा, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एलजी ने डीडीएमए की, की बैठक

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13जुलाई। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार दोपहर एक बजे तक 208.62 मीटर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. इसकी वजह से कई इलाकों में नदी का पानी घुस गया है. मौजूद हालात से निपटने के लिए आज एलजी ने डीडीएमए की बैठक की. मीटिंग में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी शामिल रहे. केजरीवाल ने मीटिंग के बाद बताया कि डीडीएमए की बैठक मे कई अहम निर्णय लिए गए हैं. स्कूल, विश्वविद्यालय को रविवार तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है. सरकारी दफ्तर जो अत्यावश्यक सेवाएं देतें हैं उनको छोड़कर सभी अन्य सरकारी दफ्तरों को घर से काम करने के लिए कहा गया है. निजी दफ्तरों से भी वक्र फ्रॉम होम की अपील की गई है.अगले एक-दो दिन दिल्ली के लोगों को पानी की दिक़्कत होने वाली है. दिल्ली में एनडीआरएफ की 12 टीमें तैनात की गई हैं.

अधिकारियों ने बताया कि निजी कार्यालयों को सलाह दी गई है कि वह कर्मचारियों को घरों से काम करने को कहें. ये निर्णय यहां बृहस्पतिवार को उप राज्यपाल सचिवालय में डीडीएमए की बैठक में लिए गए. अधिकारियों ने बताया, ‘‘कश्मीरी गेट के आस-पास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार तक बंद रखने के लिए कहा गया है. आईएसबीटी तक आने वाली बसें सिंघू बॉर्डर पर ही रुकेंगी और डीटीसी की बसें यात्रियों को वहां से लाएंगी.

यमुना का जल स्तर बढ़ने से बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में पानी भर गया, जहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके मंत्रिमंडल और अन्य वरिष्ठ नौकरशाहों के कार्यालय हैं. अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.53 मीटर के रिकार्ड स्तर तक पहुंच गया, जिससे 45 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया.

बता दें कि यमुना के जल स्तर में वृद्धि और इसके परिणामस्वरूप निचले इलाकों में बाढ़ के कारण, आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़ा, महात्मा गांधी मार्ग पर कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय और वजीराबाद ब्रिज व चंदगी राम अखाड़े के बीच बाहरी रिंग रोड पर यातायात की आवाजाही बाधित हो गई है. इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी पानी जमा हो गया है.

Exit mobile version