Site icon Samagra Bharat News website

अमित शाह ने CRCS –सहारा रिफंड पोर्टल पर गांव और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों की आवेदन भरने में सुविधा के लिए लिया महत्वपूर्ण निर्णय

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19 जुलाई।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने CRCS –सहारा रिफंड पोर्टल पर गांव और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों की आवेदन भरने में सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सहारा ग्रुप की सहकारी समितियों के प्रमाणिक जमाकर्ताओं को CRCS–सहारा रिफंड पोर्टल पर दावे प्रस्तुत करने में कॉमन सर्विस सेंटर भी सहायता करेंगे। अमित शाह ने 18 जुलाई, 2023 को नई दिल्‍ली में सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक सहारा रिफंड पोर्टल https://mocrefund.crcs.gov.in का शुभारंभ किया था।

देश भर में फैले हुए 5.5 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा 300 से अधिक ई-सर्विसेज उपलब्‍ध कराई जा रही हैं । इन CSCs में इंटरनेट कनेक्टिविटी, कम्‍प्‍यूटर, प्रिंटर और स्कैनर जैसी सभी सुविधाएं मौजूद हैं। प्रमाणिक जमाकर्ताओं द्वारा CRCS–सहारा रिफंड पोर्टल पर अपने दावे प्रस्तुत करने के लिए आवेदन भरने हेतु निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर से सहायता ली जा सकती है।

CSC-SPV ने अपने सभी ग्राम स्‍तर के उद्यमियों को सहारा के प्रमाणिक जमाकर्ताओं की मदद करने के लिए सूचित किया है और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्‍यम से प्रमाणिक जमाकर्ताओं को दावे प्रस्‍तुत करने में सुविधा हो, इसके लिए अपने सिस्‍टम को सक्षम बनाया है।

CRCS–सहारा रिफंड पोर्टल को सहारा समूह की 4 सहकारी समितियों – सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के प्रामाणिक जमाकर्ताओं द्वारा दावे प्रस्तुत करने के लिए विकसित किया गया है ।

Exit mobile version