Site icon Samagra Bharat News website

आप सांसद संजय सिंह मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24 जुलाई। मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर लोकसभा और राज्यसभा में सोमवार को भी जमकर हंगामा हुआ। इस हंगामे के बीच आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया है। संजय सिंह को बार-बार सभापति के आदेश की अवेहलना करने के कारण सस्‍पेंड किया गया है। संजय सिंह का यह निलंबन ऐसे समय में हुआ है, जब दिल्ली में नौकरशाहों पर नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश को लेकर भाजपा और आप आमने-सामने हैं.।

भोजनावकाश के बाद स्थगन के बाद कार्यवाही शुरू होने पर उप सभापति हरिवंश ने सदन में डटे संजय सिंह से बाहर जाने की अपील करते हुये कहा कि नियम के अनुसार उन्हें सदन के बाहर चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “ मेरा आग्रह है कि संजय सिंह सदन से बाहर चले जाऐं जिससे सदन की कार्यवाही चल सके। ”हालांकि संजय सिंह के इसके बावजूद सदन में डटे रहने के कारण हरिवंश ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले भोजनावकाश के बाद कार्यवाही शुरू होने पर भी इसी वजह से कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। मानसून सत्र में लगातार तीसरे दिन कोई कामकाज नहीं हो सका। इससे पहले सदन की कार्यवाही मणिपुर, महिला सुरक्षा आदि मुद्दों पर 11 बजे,12 बजे और निलंबन पर दो बजे स्थगित की गयी थी। पहले स्थगन के बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने संजय सिंह को अनुचित आचरण के कारण सत्र की शेष अवधि के लिए कार्यवाही से निलंबित कर दिया। भोजनावकाश के उपरांत सदन की कार्यवाही शुरु होने पर संजय सिंह सदन में मौजूद थे।

Exit mobile version