Site icon Samagra Bharat News website

मौसम विभाग ने शुक्रवार तक देश के विभिन्‍न भागों में व्‍यापक वर्षा की दी चेतावनी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली ,25 जुलाई। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार और बृहस्पतिवार को बहुत तेज वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि हरियाणा, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बुधवार को तेज से बहुत तेज वर्षा होने की आशंका है।

दक्षिण भारत में कर्नाटक के दक्षिण अंदरूनी और कर्नाटक के तटीय क्षेत्र तेलंगाना तथा ओडिसा, गोवा और महाराष्‍ट्र समेत मध्य भारत में भी बृहस्पतिवार तक ऑरेंज एलर्ट जारी रहेगा।

उधर, आंध्र प्रदेश, कोंकण और गोवा में अगले तीन से चार दिन तेज से बहुत तेज वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच दिनों में तेज वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्‍ली में अधिक नमी और अधिक तापमान बने रहने की आशा है। दिल्‍ली में आज रात हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

इस बीच, दिल्‍ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर-दो सौ पांच दशमलव तीन-तीन मीटर पहुंच गई है। नदी में जलस्तर बढ़ने से दिल्‍ली और निकटवर्ती क्षेत्रों में बाढ जैसी स्थिति होने की चिंता बनी हुई है। इस वर्ष तेरह जुलाई को यमुना नदी का जलस्तर सबसे अधिक दो सौ आठ दशमलव छह-छह मीटर तक पहुंच गया था।

Exit mobile version