Site icon Samagra Bharat News website

बीसीसीआई ने घरेलू खेलो के लिए जारी किया शेड्यूल, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड से भारत का होगा मुकाबला

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26जुलाई। आईपीएल के बाद सीमित मात्रा में क्रिकेट खेल रही टीम इंडिया एक बार फिर बिजी होने वाली है. वह फिलहाल वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां उसने सोमवार को ही 2 टेस्ट की सीरीज को 1-0 से जीतकर खत्म किया है. अब टीम इंडिया का अगला मिशन वनडे सीरीज और टी20 सीरीज है. इसके बाद भारतीय टीम को एशिया कप के लिए श्रीलंका और फिर एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए चीन जाना है. इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने उसके घरेलू कार्यक्रम का भी ऐलान कर दिया है.
इस शेड्यूल के मुताबिक टीम इंडिया को अब मार्च तक ब्रेक लेने की खास फुर्सत नहीं होगी और इसके बाद भारतीय खिलाड़ी एक बार फिर आईपीएल में बिजी हो जाएंगे. मार्च के अंत से मई के अंत तक चलने वाले आईपीएल के बाद भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी हिस्सा लेना है. ऐसे में टीम इंडिया के बिजी शेड्यूल का अंदाजा लगाया जा सकता है.

अपने इस नए जारी घरेलू शेड्यूल में बीसीसीआई ने सिर्फ द्विपक्षीय सीरीज का कार्यक्रम ही साझा किया है, जबकि भारतीय टीम को इस बार अपने घर में अक्टूबर-नवंबर के दौरान अपने घर में ही वनडे वर्ल्ड भी खेलना है. बीसीसीआई का यह ताजा जारी शेड्यूल 22 सितंबर से वनडे सीरीज से शुरू हो रहा है, जो 07 से 11 मार्च को टेस्ट मैच के साथ समाप्त होगा.

इसके मुताबिक टीम इंडिया वनडे वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप का आगाज होगा और वर्ल्ड कप के बाद भी ऑस्ट्रेलिया भारत छोड़कर नहीं जाएगी. क्योंकि इसके बाद उसे 23 नवंबर से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. यह सीरीज 3 दिसंबर तक चलेगी.

इसके बाद भारत 10 दिसंबर से साउथ अफ्रीका जाकर वहां वनडे, टी20 और टेस्ट सीरीज खेलेगा. इसके बाद उसे स्वदेश लौटकर 11 जनवरी से अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेलेगा. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज खत्म होगी तो फिर 25 जनवरी से भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज करेगी, जो मार्च के दूसरे सप्ताह में जाकर अपने अंजाम पर पहुंचेगी.

Exit mobile version