Site icon Samagra Bharat News website

सरकार के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगा विपक्ष, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने दी जानकारी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26जुलाई। संसद में मणिपुर के मुद्दे पर गतिरोध बढ़ता ही जा रहा है. विपक्षी दल मणिपुर हिंसा पर संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग पर कायम है. इन सबके बीच विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ लोकसभा में आज अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है. लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी के हवाले से न्यूज एजेंसी ANI ने इसकी जानकारी दी. इसके लिए कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को बुधवार को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप भी जारी किया है.

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी कहा, ‘आज यह निर्णय लिया गया है कि हमारे पास अविश्वास प्रस्ताव का सहारा लेने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है, क्योंकि सरकार विपक्षी दलों की मांग को स्वीकार नहीं कर रही है कि मणिपुर के मुद्दे पर कम से कम प्रधानमंत्री को संसद में एक मजबूत बयान देना चाहिए क्योंकि वह भारत के प्रधानमंत्री के अलावा संसद में हमारे नेता हैं…’

विपक्षी दलों के प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव का संख्याबल के लिहाज से विफल होना तय है, लेकिन उनकी दलील है कि वे चर्चा के दौरान मणिपुर मुद्दे पर सरकार को घेरकर ‘अवधारणा’ बनाने की लड़ाई जीत जाएंगे. विपक्षी दलों ने दलील दी कि यह मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को संसद में बोलने के लिए विवश करने की रणनीति भी है. सरकार इस बात पर जोर दे रही है कि मणिपुर की स्थिति पर चर्चा का जवाब केवल केंद्रीय गृह मंत्री देंगे.

Exit mobile version