Site icon Samagra Bharat News website

शादी के नाम पर नाबालिग का यौन शोषण, फिर परिवार से की मारपीट और वायरल कर दिया वीडियो

समग्र समाचार सेवा
पटना , 27 जुलाई। बिहार में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लड़के ने नाबालिग को शादी का झांसा दिया और महीनों तक उसका शोषण करता रहा. बेटी से यौन शोषण की जानकारी परिवार को लगी तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की. बताया गया कि आरोपी लड़का इसपर और नाराज हो गया और जमकर मारपीट की. इसके बाद लड़के ने परिवार को डराने के लिए देशी कट्टे से फायरिंग का वीडियो बनाया और इसे वायरल कर दिया.

छह महीनों तक पीड़िता का यौन शोषण
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना खगड़िया जिले में अलौली थाना क्षेत्र की है. यहां नाबालिग लड़की से शादी का झांसा देकर गांव के ही एक लड़के ने छह महीनों तक पीड़िता का यौन शोषण किया. जिसके बाद पीड़ित परिवार ने महिला थाना खगङिया में आरोपी लड़के और उसके परिवार के लोगो पर मारपीट करने और बेटी से यौन शोषण का आरोप लगाया.

पुलिस पर कार्रवाई ना करने का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया मगर अभी तक आरोपी लड़के के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की. इससे परिवार बुरी तरह डरा हुआ है. बताया गया कि परिवार महिला थाना से लेकर बड़े अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर लगा रहा है, मगर किसी तरह की मदद नहीं मिली. पीड़ित परिवार के लोगों की माने तो लड़का उसी के गांव का है और कई महीने से नाबालिग लड़की को डरा धमकाकर यौन शोषण करता रहा.

आरोपी ने वायरल किया वीडियो
परिवार ने आरोप लगाया कि जब आरोपी के घर इसकी शिकायत की सभी ने उनके साथ मारपीट की. इसी बीच आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ. वीडियो में उसके हाथ में देशी कट्टा नजर आ रहा है और इससे वो हवाई फायर करता हुआ नजर आ रहा है. एक बार में तो देशी कट्टे से फायर नहीं होता है. मगर दूसरी बार में उसने फायर कर दिया.

मामले में खगड़िया के एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि पहले से ही आरोपी पर एक मामला दर्ज है और जल्द उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी लड़के जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Exit mobile version