Site icon Samagra Bharat News website

इंदौर में अरूण यादव, प्रियंका गांधी, कमलनाथ व अन्य पर 420,469 में एफआईआर दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला

समग्र समाचार सेवा
भोपाल ,13अगस्त। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इंदौर के संयोगितागंज थाने में 50% कमीशन के वायरल लेटर मामले में ये एफआईआर दर्ज हुई है। इन नेताओं के खिलाफ IPC की धारा 420, 469 में मामला दर्ज हुआ है। बता दें कि वायरल लेटर के आधार पर प्रियंका ने शिवराज सरकार पर 50% कमीशन लेने का आरोप लगाया था। सीएम शिवराज समेत बीजेपी के आला नेताओं ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था।

अरुण यादव ने एफआईआर दर्ज होने पर कही ये बात
एफआईआर दर्ज होने पर पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि जब कांग्रेस पार्टी के नेता अंग्रेजों की फांसियों से नहीं डरे तो उनके तलवे चाटने वाली विचारधारा की एफआईआर से भी नहीं डरने वाले। हमारे नेता राहुल गांधी जी कहते हैं कि डरो मत। पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगें 50 फीसदी कमीशनखोरों से।

प्रियंका गांधी ने क्या कहा था?
प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्विटर पर दावा किया था कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कर्नाटक की भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन वसूलती थी। मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया अब मध्य प्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को सत्ता से हटाएगी।’’

Exit mobile version