Site icon Samagra Bharat News website

एक सच्चा नेता हर परिस्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ा रहता है: अमित शाह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि एक सच्चा नेता हर परिस्थिति में अपने लोगों के साथ खड़ा रहता है। एक्स पर अपने श्रृंखलाबद्ध पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सफल चंद्र मिशन, चंद्रयान 3 से जुड़े इसरो वैज्ञानिकों से मिलने के लिए आज सुबह ग्रीस से सीधे बेंगलुरु पहुंचे। बेंगलुरु में वैज्ञानिकों को उनका प्रेरणादायक संबोधन भारत की आसमान छूने वाली शानदार उपलब्धि का गुणगान था।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 23 अगस्त भारत के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यह उसके चंद्र मिशन चंद्रयान 3 की उपलब्धि का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इसे ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ के रूप में घोषित किया, ताकि इस मिशन के पीछे भारत के वैज्ञानिकों की सफलता की कहानी हर आने वाली पीढ़ी तक पहुंचे। यह निर्णय भारतीय वैज्ञानिकों को ‘तिरंगे’ के गौरव को ऊंचा रखते हुए अंतरिक्ष खोज के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

अमित शाह ने कहा कि भारत के चंद्र मिशन की ऐतिहासिक सफलता से हमारे वैज्ञानिकों ने एक अमिट छाप छोड़ी है। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान-3 के लैंडिंग स्थल का नाम ‘शिवशक्ति’ और जहां चंद्रयान-2 गिरा था उस स्थान का नाम ‘तिरंगा’ यह याद दिलाने के लिए रखा है कि ‘कोई भी विफलता स्थायी नहीं होती है’।

Exit mobile version