Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली के स्कूल में छात्रों के सामने धर्म के आधार पर आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप, टीचर के खिलाफ एफ.आई.आर

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29अगस्त। यूपी के मुजफ्फरनगर के बाद अब दिल्ली में धर्म के आधार पर एक स्कूल में छात्रों के साथ व्यवहार करने का मामला सामने आया है. कैलाश नगर सर्वोदय बाल विद्यालय में टीचर पर बच्चो के साथ धर्म के आधार पर आपत्ति जनक व्यवहार करने का आरोप लगा है. परिजनों की शिकायत के आधार पर टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने धारा 304, 153A समेत अन्य धाराओं में एफ.आई.आर दर्ज की है. अभिभावकों ने एक महिला शिक्षक पर छात्रों के सामने धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है.

अभिभावक कौसरने कहा कि मेरे दो बच्चे यहां पढ़ते हैं – एक कक्षा 7 में और दूसरा कक्षा 4 में. यदि शिक्षक को सजा नहीं मिलती है तो अन्य शिक्षकों को साहस मिलेगा और वे “हमारे दीन के नहीं हैं” जैसी बातें बोलेंगे.उनसे कहा जाना चाहिए कि वे सिर्फ पढ़ाएं और उन चीजों पर बात न करें जिनके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. हमारी मांग है कि उस शिक्षक को स्कूल से हटाया जाए. अभिभावक का कहना है कि आरोपी महिला टीचर को किसी भी स्कूल में पढ़ाने नहीं दिया जाए नहीं तो वह वहां भी ऐसी ही हरकत करेगी.

क्या कह रही है पुलिस
डीसीपी शाहदरा रोहित मीणा का इस संबंध में कहना है कि उन्हें एक स्कूल शिक्षक द्वारा छात्रों के सामने कुछ धार्मिक शब्दों का प्रयोग करने की शिकायत मिलीहै. हमने मामले का संज्ञान लिया है. हमारे किशोर कल्याण अधिकारी, परामर्शदाताओं के साथ मिलकर काउंसलिंग कर रहे हैं.कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसमें 2-3 छात्र हैं इसलिए हम उन सभी की काउंसलिंग कर रहे हैं. यह एक सरकारी स्कूल है. आरोपी टीचर के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.

मुजफ्फरनगर में आया था इस तरह का मामला
बता दें कि अभी हाल में यूपी के मुजफ्फरनगर में एक प्राइवेट स्कूल में एक महिला टीचर ने एक विशेष समुदाय के बच्चे को क्लास के अन्य छात्रों से पिटवाया था. वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. स्कूल में हुए इस हरकत पर विपक्षी दल सरकार को लगातार घेर रहे हैं.

Exit mobile version