Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली मेट्रो की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे, एक व्यक्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1सितंबर। जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली के करीब पांच मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर लिए गए खालिस्तान समर्थक नारों को लिखने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी और पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है.

बता दें कि दिल्ली के पश्चिम विहार, उद्योग नगर, शिवाजी पार्क, मादीपुर और महाराजा सूरजमल स्टेडियम मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर “दिल्ली बनेगा खालिस्तान” और “खालिस्तान जिंदाबाद” जैसे खालिस्तान समर्थक नारे लिखे पाए गए थे.
नांगलोई में एक सरकारी स्कूल की दीवार भी विरूपित पाई गई थी. प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) द्वारा एक कथित वीडियो जारी किया गया था, जिसमें मेट्रो स्टेशनों की विकृत दीवारें दिखाई गई थीं.

एसएफजे के प्रवक्ता गुरपतवंत सिंह पन्नून ने वीडियो में कहा था, “जी20 देशों, जब आप 10 सितंबर को दिल्ली में मिलेंगे, तो हम कनाडा में खालिस्तान जनमत संग्रह का आयोजन कर रहे होंगे.”

पुलिस ने बताया कि 19 जनवरी को गणतंत्र दिवस से पहले, पश्चिम विहार, विकासपुरी, जनकपुरी और पीरागढ़ी सहित पश्चिमी दिल्ली के कुछ इलाकों में दीवारों पर “राष्ट्र-विरोधी” और “खालिस्तान-संबंधी” भित्तिचित्र दिखाई दिए थे.

Exit mobile version