Site icon Samagra Bharat News website

कौन हैं रेलवे बोर्ड की पहली महिला अध्यक्ष जया वर्मा सिन्हा जो लेंगी अनिल कुमार लाहोटी की जगह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 1सितंबर। केंद्र सरकार ने गुरुवार (31 अगस्त) को जया वर्मा सिन्हा को रेलवे बोर्ड का सीईओ और अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही वह रेल मंत्रालय के 105 साल पुराने इतिहास में यह पद संभालने वाली पहली महिला बन गईं।

जया वर्मा सिन्हा इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा हैं. एनडीटीवी के मुताबिक, उन्होंने 1988 में इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) ज्वाइन की। वह अब तक तीन रेलवे क्षेत्रों में काम कर चुकी हैं। इनमें उत्तर रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और पूर्वी रेलवे शामिल हैं।

सिन्हा अनिल कुमार लाहोटी की जगह लेंगी और 1 सितंबर को पदभार संभालेंगी। उनका कार्यकाल 31 अगस्त, 2024 को समाप्त होगा। गौरतलब है कि सिन्हा 1 अक्टूबर को रिटायर होने वाली हैं। उन्हें अपने बाकी बचे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया जाएगा।

सरकारी आदेश के अनुसार कैबिनेट नियुक्ति समिति ने जया वर्मा सिन्हा को ऑपरेशन बिजनेस डेवलपमेंट की मेंबर, रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

उन्होंने चार वर्षों तक बांग्लादेश के ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग में रेलवे सलाहकार के रूप में भी काम किया। बांग्लादेश में उनके कार्यकाल के दौरान ही कोलकाता से ढाका तक चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस का उद्घाटन किया गया था।

Exit mobile version