Samagra Bharat News website

प्रधानमंत्री ने जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर ब्राजील के राष्ट्रपति और तुर्किये गणराज्य के राष्ट्रपति के साथ की बैठक

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,11सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा से मुलाकात की।

इस अवसर पर राष्ट्रपति लूला ने भारत की जी20 अध्यक्षता की सफलता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। वहीं, प्रधानमंत्री ने अगले साल ब्राजील की जी20 अध्यक्षता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं और उन्हें इसमें भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई, जिसमें जैव ईंधन, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि-आधारित उद्योग, अंतरिक्ष और विमानन जैसे क्षेत्रों में सहयोग शामिल है।

इस बैठक के समापन पर एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया।

प्रधानमंत्री ने तुर्किये गणराज्य के राष्ट्रपति के साथ बैठक की:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर तुर्किये गणराज्य के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ द्विपक्षीय बैठक की।

इस द्विपक्षीय बैठक में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, नागर विमानन और शिपिंग जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

राष्ट्रपति एर्दोगन ने भारत की जी20 अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने फरवरी 2023 में तुर्किये में आए भूकंप के बाद ऑपरेशन दोस्त के तहत त्वरित राहत के लिए भारत को धन्यवाद भी दिया।

राष्ट्रपति एर्दोगन ने चंद्रयान मिशन की सफलता पर भी प्रधानमंत्री को बधाई दी और सूर्य के आदित्य मिशन के लिए शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version