Site icon Samagra Bharat News website

सत्तारूढ़ दल द्वारा बीजेपी संसद बिधूड़ी के विरूद्ध अभी तक समुचित कार्रवाई न करना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है- मायावती

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 22सितंबर। बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली को आतंकी और उग्रवादी सहित धर्म को लेकर अपशब्द कहे जाने का मामला बिगड़ता जा रहा है. बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग हो रही है. अब इसे लेकर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने बयान दिया है. मायावती ने दानिश अली के लिए की गई आपत्तिजनक टिप्‍पणी पर कहा कि सत्तारूढ़ दल द्वारा बीजेपी संसद बिधूड़ी के विरूद्ध अभी तक समुचित कार्रवाई न करना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है.

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल साइट ‘एक्‍स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली से भाजपा सांसद द्वारा बीएसपी सांसद दानिश अली के खिलाफ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणी को हालांकि स्पीकर ने रिकॉर्ड से हटाकर उन्हें चेतावनी भी दी है व वरिष्ठ मंत्री ने सदन में माफी मांगी, किन्तु पार्टी द्वारा उनके विरुद्ध अभी तक समुचित कार्रवाई नहीं करना दुखद/दुर्भाग्यपूर्ण.’

दानिश अली ने लिखा पत्र
वहीं, बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली ने आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा. दानिश अली ने इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया. अली ने पत्र में कहा है कि वह भाजपा सांसद बिधूड़ी के खिलाफ नियम 222, 226 और 227 के तहत नोटिस देना चाहते हैं. दानिश अली ने कहा- रमेश बिधूड़ी ने लोकसभा में उनके खिलाफ ‘आतंकवादी’, ‘उग्रवादी’ और कई आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. माहौल खराब न हो, इसलिए कार्रवाई की जाए.

उत्तर प्रदेश के अमरोहा से लोकसभा सांसद दानिश अली ने ओम बिरला को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मैं आपसे आग्रह करता हूं कि नियम 227 के तहत इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए…मेरा आग्रह है कि इस मामले में जांच का आदेश दिया जाए.’’ इस मामले में कार्रवाई जरूरी है ताकि देश का माहौल और दूषित न हो.

Exit mobile version