Site icon Samagra Bharat News website

गुजरात के सूरत स्थित ऐतिहासिक व्यस्त बाजार बॉम्बे मार्केट में लगी भीषण आग, समय रहते बचाए गए लोग

समग्र समाचार सेवा
गांधीनगर ,3 अक्टूबर। गुजरात के सूरत में सबसे पुराने और व्यस्त बाजार बॉम्बे मार्केट में आज भीषण आग लग गई. घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत की कोई खबर नहीं है, आग कैसे लगी इसकी अभी जांच की जा रही है.

सूरत नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी कृष्णा मोद ने कहा कि मंगलवार दोपहर उन्हें बॉम्बे मार्केट के एक शोरूम में आग लगने की सूचना मिली. अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. कृष्णा मोद ने बताया जब वह घटनास्थल पर पहुंचे थे तब वह अफरा-तफरी का माहौल था.

घटना में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस घटना की जांच कर रही है. बता दें अपनी समृद्ध कपड़ा विरासत के लिए प्रसिद्ध ओल्ड बॉम्बे मार्केट लंबे समय से उच्च गुणवत्ता वाले कपड़े, विशेष रूप से पारंपरिक भारतीय परिधान चाहने वाले खरीदारों का केंद्र रहा है. यह बाजार अपनी उत्कृष्ट साड़ियों, पोशाक सामग्री और लहंगे के लिए प्रसिद्ध है, जो सूरत में शादियों के लिए खरीदारी करने वालों का पसंदीदा बाजार है.

Exit mobile version