Site icon Samagra Bharat News website

पत्रकारों पर भड़के जदयू विधायक, बोले- ‘तुम लोग हमारे बाप हो कि मना करोगे..’,

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7अक्टूबर। पिस्तौल लेकर अस्पताल जाने वाले जेडीयू विधायक गोपाल मंडल पर सत्ता का नशा सिर पर चढ़कर बोल रहा है. पटना में जब मीडियाकर्मियों ने उनके वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया जानना चाहा तो वे भड़क गए. गोपाल मंडल यही नहीं रुके.पत्रकारों को अपशब्द (गाली) कहते हुए उन्होंने कहा कि ‘तुम लोग हमारे बाप हो कि मना करोगे..’. बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल प्रमुख घटक दल जेडीयू के विधायक गोपाल मंडल को जब पत्रकारों का सवाल रास नहीं आया तो वे अपने असली रंग में आ गए और पत्रकारों को ही धमकी देते हुए जमकर गालियां दी. पूरा वाकया जेडीयू कार्यालय का है. समाचार एजेंसी एएनआई ने गाली देते हुए का वीडियो जारी है. अपशब्द होने की वजह से इसे हम आपको सुना नहीं सकते.

दरअसल, शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जेडीयू कार्यालय में मौजूद थे और जेडीयू विधायक कार्यालय पहुंच गए. इसी क्रम में पत्रकारों ने गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल से अस्पताल में रिवॉल्वर लेकर जाने को लेकर सवाल पूछ डाले. विधायक इन सवालों को लेकर अपनी सफाई दे रहे थे. इसे लेकर पत्रकारों ने उनसे जवाबी प्रश्न पूछ दिया, जो नीतीश कुमार के चहेते विधायक मंडल को रास नहीं आया और वे पत्रकारों पर भड़क गए. उन्होंने कहा कि “अरे यार, तू लोग पत्रकार हो, क्या हो, हमको मुश्किल लगता है….

इसके बाद जब पत्रकारों ने एक विधायक को पिस्तौल लेकर अस्पताल जाने को लेकर कई प्रश्न पूछे तो उन्होंने भड़कते हुए कहा कि हां लहराएंगे पिस्तौल… तू लोग मेरा बाप हो क्या, तुम सब मेरा बाप हो क्या? इसके बाद उन्होंने पत्रकारों को जमकर गालियां दी. पत्रकारों ने इस दौरान उनसे सवाल किया कि जेडीयू में विधायक को गाली देना किसने सिखाया, लेकिन कुछ सुरक्षाकर्मी और नेता विधायक को अंदर लेते चले गए. इस दौरान भी विधायक पत्रकारों को गाली देते रहे. बता दें कि कुछ दिन पहले विधायक मंडल एक अस्पताल में अपने हाथ में खुलेआम पिस्तौल लेकर चले गए थे, जिसे लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे.

Exit mobile version