Site icon Samagra Bharat News website

म्यांमार में विस्थापितों के शिविर पर हमला, 2 दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 10अक्टूबर। म्यांमार के काचिन राज्य में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के एक शिविर पर सेना के हमले में 29 लोग मारे गए. इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. काचिन मीडिया और स्थानीय सूत्रों ने कहा कि यह घटना सोमवार (9 अक्टूबर) आधी रात के करीब हुई.

काचिन मीडिया और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना सोमवार आधी रात में काचिन इंडिपेंडेंस आर्मी (केआईए) द्वारा संचालित एक सैन्य शिविर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर हुई. हमले की कुछ तस्वीरें और रिपोर्ट म्यांमार की जुंटा-विरोधी राष्ट्रीय एकता सरकार (NUG) के एक मंत्री द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई है, जिसकी अब तक पुष्टि नहीं की जा सकी है.

वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स का अब तक म्यांमार के जुंटा के प्रवक्ता से संपर्क नहीं हो सका है. काचिन पीस नेटवर्क सिविल सोसाइटी समूह की एक प्रसिद्ध स्थानीय कार्यकर्ता खोन जा ने रॉयटर्स को बताया कि उन्होंने स्थानीय अस्पताल का दौरा किया था और उन्हें बताया गया था कि 29 लोग मारे गए है.

सेना ने बम से किया था हमला
कार्यकर्ता खोन जा ने रॉयटर्स को बताया कि ‘हमला आधी रात को हुआ, बम बहुत शक्तिशाली था, गांव पूरी तरह नष्ट हो गया है. उन्होंने कहा कि 59 लोग घायल हुए हैं वहीं, 29 लोग मारे गए हैं. हालांकि, अस्पताल ने अब तक इसकी पुष्टि की है. लाइजा, उत्तरी म्यांमार का एक शहर, केआईए की राजधानी है, जो दशकों से सेना से जूझ रहे दर्जनों जातीय समूहों में से सबसे बड़े समूहों में से एक है. यह चीनी सीमा के करीब है और शहर और उसके आसपास विस्थापन शिविरों में रहने वाले कई नागरिकों का घर है.

(इनपुट-एजेंसी से भी)

Exit mobile version