Site icon Samagra Bharat News website

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए जारी की पहली लिस्ट, यहां देखें किस- किस को मिला टिकट

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे. कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए पहली लिस्ट में 30 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. पाटन सीट से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव लड़ेंगे. जबकि डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव अंबिकापुर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार बनाए गए हैं.
कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी कोडंगल से चुनाव लड़ेंगे. वहीं, राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी तक लिस्ट जारी नहीं की है. माना जा रहा है कि जल्द ही यहां के लिए भी सूची जारी हो सकती है.

कांग्रेस की ओर से नवरात्रि के पहले दिन घोषित मध्य प्रदेश के उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपनी वर्तमान सीट छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह को लहार से उम्मीदवार बनाया गया है. सूची के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र पाटन और उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव अंबिकापुर से किस्मत आजमाएंगे. मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर, छत्तीसगढ़ की 90 सीटों के लिए दो चरणों में 7 और 17 नवंबर और तेलंगाना की सभी 119 सीटों के लिए 30 नंवबर को मतदान होगा.

तेलंगाना में इन नेताओं को मिला टिकट
कांग्रेस ने रविवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और विधायक दल के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं.प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को कोडंगल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है.वहीं, विक्रमार्क को मधीरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है.पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद उत्तम कुमार रेड्डी को हुजूरनगर से उम्मीदवार बनाया गया है.वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता अंजन कुमार यादव को मुशीराबाद से टिकट दिया गया है.

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने 13 अक्टूबर को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई थी.तेलंगाना में 119 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 30 नवंबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को की जाएगी.तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सरकार है.कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उसे चुनौती देने का प्रयास कर रही हैं.राज्य में 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में बीआरएस (तत्कालीन टीआरएस) ने 88 सीटें जीतकर अपनी सत्ता बरकरार रखी थी.वहीं, कांग्रेस को 19 और एआईएमआईएम को सात सीटों पर जीत मिली थी.भाजपा को सिर्फ एक सीट से संतोष करना पड़ा था.

Exit mobile version