Site icon Samagra Bharat News website

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की पहली सूची में कई चौंकाने वाले नाम, 19 महिलाओं को मिला टिकट

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली सूची आ गई है जिसमें 144 उम्मीदवारों के नाम हैं. इसमें कई नाम चौंकाने वाले हैं तो वहीं कुछ उम्मीदवारों की सीट भी बदली गई है. कांग्रेस ने जैसे पहले घोषणा की थी, उसी के मुताबिक श्राद्ध पक्ष के बाद पार्टी ने 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. इस सूची में कुछ नए चेहरों के नाम हैं जिनमें दतिया से अवधेश नायक, बिजावर से चरण सिंह यादव, बमोरी से ऋषि अग्रवाल, मेहगांव से राहुल भदोरिया. इसके अलावा एक बड़ा नाम केपी सिंह का है जो अब तक पिछोर से विधायक रहे हैं. वह इस बार शिवपुरी से उम्मीदवार बनाए गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह को राघौगढ़ विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है.
सूची में राज्य के 96 विधायकों में से 69 को फिर कांग्रेस ने फिर से उम्मीदवार बनाया है. वहीं कई नए चेहरे को भी पार्टी ने मैदान में उतारा है. इनमें कई दावेदार या जिनके नाम हैं, उनमें कई दल बदल करने वाले भी हैं. कांग्रेस की सूची पर गौर करें तो एक बात साफ होती है कि गोटेगांव से विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति का पार्टी ने टिकट काट दिया है और उनके स्थान पर शेखर चौधरी को उम्मीदवार बनाया है. इसी तरह कटंगी से विधायक टाम लाल का टिकट काटकर पार्टी ने पूर्व सांसद बोथ लाल को उम्मीदवार बनाया है.

19 महिलाओं को मिला टिकट
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यंमत्री कमलनाथ ने पार्टी की सूची जारी होने पर कहा कि हमारी पूरी तैयारी है, हमने जो लिस्ट जारी की है उसमें 65 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 से कम है, 19 महिलाएं हैं, हमने जो कहा था वह किया है.

दलबदलू नेताओं को भी मिला टिकट
गुनौर से जीवनलाल सिद्धार्थ को मैदान में उतारा गया है. भगवानपुर से निर्दलीय उम्मीदवार केदारनाथ डाबर को उम्मीदवार बनाया गया है तो झाबुआ से कांतिलाल पुरिया के बेटे विक्रांत भूरिया को मैदान में उतारा गया है. दल बदल करने वालों की बात करें तो उत्तर प्रदेश निवासी और समाजवादी पार्टी से नाता रखने वाले चरण सिंह यादव को बिजावर से उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में आए अवधेश नायक को दतिया से उम्मीदवार बनाया गया है. इस तरह राज्य में जहां भाजपा 136 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है वहीं कांग्रेस ने पहली सूची में 144 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है.

Exit mobile version