Site icon Samagra Bharat News website

विकसित राष्ट्र बनने की तैयारी कर रहा है भारत- पीएम मोदी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए ग्लोबल मेरीटाइम इंडिया समिट के तीसरे संस्करण के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होनें 23,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं. इससे पहले जब हम 2021 में मिले थे, तब पूरी दुनिया कोरोना की अनिश्चितता से घिरी हुई थी. तब कोई नहीं जानता था कि कोरोना के बाद का विश्व कैसा होगा. लेकिन आज दुनिया में एक नया वर्ल्ड ऑर्डर आकार ले रहा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा इस बदलते हुए वर्ल्ड ऑर्डर में पूरा विश्व भारत की ओर नई आकांक्षाओं से देख रहा है. आर्थिक संकट से घिरी हुई दुनिया में भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है. उन्होनें कहा, वो दिन दूर नहीं जब भारत दुनिया की टॉप 3 आर्थिक शक्तियां में से एक होगा. उन्होनें कहा इतिहास साक्षी है कि जब भी भारत की मैरीटाइम क्षमता मजबूत रही है, देश और दुनिया को इससे बहुत लाभ हुआ है. इसी सोच के साथ बीते 9 वर्षों से हम इस सेक्टर को सशक्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं.

उन्होनें कहा, हाल ही में भारत की पहल पर एक ऐसा कदम उठाया गया है, जो 21वीं सदी में दुनिया भर की मैरीटाइम इंडस्ट्री के कायाकल्प का सामर्थ्य रखता है. G20 समिट (G20 Summit 2023) के दौरान इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर पर ऐतिहासिक सहमति बनी है. सैंकड़ों वर्ष पहले सिल्क रूट ने वैश्विक व्यापार को गति दी थी, ये दुनिया के कईं देशों के विकास का आधार बना था. अब ये ऐतिहासिक कॉरिडोर भी क्षेत्रीय और वैश्विक व्यापार की तस्वीर बदल देगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का भारत अगले 25 वर्षों में विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है. हम हर सेक्टर में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहे हैं. हमने मेरीटाइम इंफ्रास्ट्रक्चर के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है. उन्होनें कहा, पोर्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए हमने हजारों किलोमीटर की नई सड़कें बनाई हैं. सागरमाला परियोजना से भी हमारे तटीय क्षेत्र का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया जा रहा है. ये सारे प्रयास रोज़गार सृजन और इज ऑफ लिविंग को कई गुना बढ़ा रहे हैं.

Exit mobile version