समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित ‘ऑल इंडिया फाइन आर्ट्स सोसाइटी’ में जानी मानी कलाकार श्रीमती चारुमती निर्वाण की बाघों के चित्रों पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। “गर्जना भरा पुनरुत्थान – भारत के बाघ” (Roaring Revival- Tigers of India) शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी में चारकोल से बने बाघ-रेखाचित्रों और जलरंगों से बने पुष्पों को प्रदर्शित किया गया है।

श्रीमती चारुमती निर्वाण पिछले 25 वर्षों से बाघों और वन्यजीवों का बारीकी से अवलोकन कर रही हैं, और इसकी शानदार अभिव्यक्ति उनकी कला में परिलक्षित होती है। उनकी यह प्रदर्शनी 1973 में शुरू किए गये प्रोजेक्ट टाइगर की 50 वर्षों की सफलता की यात्रा को प्रतिबिंबित करती है।