Site icon Samagra Bharat News website

अरुणाचल प्रदेश में सैनिकों के साथ शस्त्र पूजा कर आज दशहरा मनाएँगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अरुणाचल प्रदेश में सैनिकों के साथ दशहरा मनाएंगे और शस्त्र पूजा करेंगे। रक्षा मंत्री कल सोमवार की शाम तेजपुर पहुंचे और वहां के चार कोर मुख्यालय में आयोजित बाराखाना में सैनिकों से बातचीत की। राजनाथ सिंह ने बाराखाना की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों के लोग यहां एक परिवार के सदस्य के रूप में एक साथ भोजन करते हैं। रक्षा मंत्री ने भारतीय सेना को बंधुत्व और एकता का सच्चा उदाहरण बताया, जिसमें अलग-अलग राज्यों, धर्मों और पृष्ठभूमि के बावजूद सैनिक एक बैरक और यूनिट में साथ रहते है और काम करते हैं। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में लगे सशस्त्र बलों और उनके परिवार के बलिदान की सराहना की।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों की वीरता और प्रतिबद्धता को सारी दुनिया मानती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का कद अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा है और मजबूत और सुदृढ़ सैन्य शक्ति उन्नति के मुख्य कारणों में से एक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीसरी अर्थव्यवस्था में शामिल हो जाएगा।

Exit mobile version