समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26अक्टूबर। केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास तथा उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हरियाणा को 124 पीएम-श्री स्कूल समर्पित किए। इन स्कूलों में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लासरूम भी होंगे। हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री, कंवर पाल के साथ वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और प्रतिष्ठित शिक्षाविद् भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। इनके अलावा, मंत्रियों ने स्कूल ऐप और मोबाइल एप्लिकेशन निपुण (एन आईपीयूएन) को भी लॉन्च किया। इस अवसर पर बालवाटिका-3 के लिए पुस्तकों तथा शिक्षण सामग्रियों का भी अनावरण किया गया।

प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि एनईपी को धरातल पर लाकर उन्नत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से हरियाणा के बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में आज ‘ऐतिहासिक दिन’ है। उन्होंने कहा कि कौशल-आधारित, लोक-जीवन-संस्कृति और मातृभाषा पर आधारित 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा के साथ पीएम-श्री स्कूल उत्कृष्टता का प्रतीक होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पीएम श्री स्कूल के शुभारंभ से हरियाणा में स्कूली शिक्षा की क्षमता बढ़ेगी और इस शुरूआत का लाभ हरियाणा के बच्चों को मिलेगा।