Site icon Samagra Bharat News website

तेलंगाना में चुनाव-प्रचार के दौरान KCR की पार्टी के सांसद पर चाकू से हमला, यहां देखें वीडियो

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 30अक्टूबर। तेलंगना में सोमवार को चुनाव-प्रचार के दौरान सत्ताधारी भारत राष्ट्र समिति (BRS) के सांसद पर जानलेवा हमला किया गया. तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में BRS सांसद के. प्रभाकर रेड्डी एवं दुब्बक विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार पर एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया. वारदात के समय वह प्रचार कर रहे थे. पुलिस के हवाले से न्यूज एजेंसी PTI ने इसकी जानकारी दी. मेडक लोकसभा क्षेत्र से सांसद रेड्डी के पेट में चाकू लगने के घाव हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने कहा कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

हमलावर गिरफ्तार
पुलिस ने बताया यह घटना दौलताबाद मंडल में उस समय हुई, जब प्रभाकर रेड्डी प्रचार कर रहे थे. पार्टी ने उन्हें राज्य में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में दुब्बक सीट से मैदान में उतारा है. न्यूज एजेंसी ANI की तरफ से जारी वीडियो में एक वाहन में बैठे प्रभाकर रेड्डी (रक्तस्राव को रोकने के लिए) अपने पेट पर लगे चाकू के घाव को दबाते हुए दिखाई दे रहे हैं. जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर सांसद पर चाकू से हमला किया, उसकी कुछ स्थानीय लोगों ने जमकर ‘पिटाई’ की. सिद्दीपेट की पुलिस आयुक्त एन श्वेता ने बताया, ‘हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है. हम उसके बारे में जानकारी जुटा रहे हैं.’ मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version