Site icon Samagra Bharat News website

राजस्थान में बोले पीएम मोदी, ‘कांग्रेस नेता एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे हैं’…

PM Modi said in Rajasthan, 'Congress leaders are busy running each other out'...

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19नवंबर। राजस्थान के चुरू जिले के तारानगर में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा. मोदी ने कहा कि क्रिकेट में बैट्समैन आता है और अपनी टीम के लिए रन बनाता है लेकिन कांग्रेस वालों में ऐसा झगड़ा है कि रन बनाना तो दूर, ये लोग एक-दूसरे को रन आउट करने में लगे हैं. कांग्रेस सरकार के 5 साल एक-दूसरे को रन आउट करने में बीत गए. जो बचे हैं वो महिलाओं और अन्य मुद्दों पर गलत बयान देकर हिट विकेट हुए जा रहे हैं और बाकी जो हैं वो पैसे लेकर, रिश्वत लेकर मैच फिक्सिंग कर लेते हैं और कुछ काम नहीं करते.

पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आप भाजपा को चुनेंगे, तो हम राजस्थान में भ्रष्टाचारियों की टीम को आउट कर देंगे. भाजपा विकास का स्कोर तेजी से बनाएगी और जीत राजस्थान की होगी, जीत राजस्थान के भविष्य की होगी, जीत राजस्थान की माताओं-बहनों, युवाओं और किसानों की होगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपका बस किराया महंगा है, स्कूटर-बाइक चलाना मुश्किल है, ये कांग्रेस की लूट के कारण हो रहा है. केंद्र की भाजपा सरकार ने तो पूरे देश के लिए पेट्रोल सस्ता किया है. 3 दिसंबर के बाद जैसे ही राजस्थान में भाजपा सरकार आएगी, बाकी राज्यों की तरह राजस्थान में भी पेट्रोल के रेट की समीक्षा की जाएगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लूट के लाइसेंस की पूरी कहानी लाल डायरी में दर्ज हैं और अब धीरे-धीरे लाल डायरी के पन्ने खुलने लगे हैं. इधर लाल डायरी के पन्ने खुलते हैं और उधर गहलोत जी का फ्यूज उड़ जाता हैं, जादूगर की जादूगरी लाल डायरी में दिखने लगी है. कांग्रेस सरकार से जितना बचकर रहें, राजस्थान को जितना बचाकर रखें, उतना ही आपका भविष्य सुनिश्चित है. कांग्रेस और विकास, एक दूसरे के दुश्मन थे और दुश्मन रहेंगे.

Exit mobile version