समग्र समाचार सेवा
बिलासपुर, 17दिसंबर। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर दो दिनों के हिमाचल प्रवास पर हैं। आज अपने प्रवास के पहले दिन यानी 16 दिसंबर को श्री अनुराग ठाकुर चिंतपूर्णी जी विधानसभा के मैड़ी में विकसित भारत संकल्प यात्रा शामिल हुए। इससे पूर्व श्री अनुराग ठाकुर ने बिलासपुर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के अभिनंदन कार्यक्रम में विशाल जनसमूह को संबोधित किया व जसवां प्रागपुर विधानसभा के कलोहा व ऊना जिले के ज्वार में सेक्टर प्रभारीयों संग बैठक भी की।

विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में लोगों से संवाद करते हुए श्री ठाकुर ने कहा, “विकसित भारत संकल्प यात्रा केंद्र सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की अंतिम आदमी तक पहुंच सुनिश्चित करने हेतु शुरू किया गया एक देशव्यापी अभियान है। इसमें मोदी की गारंटी की गाड़ी देश के सभी पंचायत और नगर निकायों में जाएगी। ये मोदी की गारंटी की गाड़ी विकास का सशक्त हस्ताक्षर है।
श्री ठाकुर ने आगे कहा, “हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जबरदस्त जीत हासिल की है। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी की संगठनात्मक शक्ति के साथ-साथ हिमाचल ने भी अपनी भूमिका निभाई है। हिमाचल की जनता ने यहां के राज्य सरकार की नाकामी और कांग्रेस की फेल गारंटीयों को पूरे देश में पहुंचाया है। आज देश हीं नहीं बल्कि विदेशों में भी स्पष्ट है कि अगर गारंटी चलती है तो सिर्फ मोदी की।”
कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर बोलते हुए श्री ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस के एक सांसद के पास से इतना काला धन निकाला है की नोट गिनने वाली मशीनें खराब हो गईं। आज या स्पष्ट है कि कांग्रेस क्यों नोटबंदी, ईडी और सीबीआई का विरोध करती है। मोदी जी ने 10 साल पहले प्रधानमंत्री बनने के साथ कहा था कि न खाऊंगा न खाने दूंगा और आज हम गर्व से कह सकते हैं कि उन्होंने न खाया है, न किसी को खाने दिया है।”
श्री अनुराग ठाकुर ने कहा “ आपदा के बाद से अभी तक हिमाचल प्रदेश में राहत कार्य, विकास एवं पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार के द्वारा लगभग 1000 करोड़ रुपए की राहत राशि जारी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश को लगभग 2,700 करोड़ रुपये दिए गए थे जिस से हिमाचल को अत्यंत लाभ मिला”
अयोध्या जी में श्रीराम लला के भव्य मंदिर निर्माण के ऊपर बोलते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “कांग्रेस ने देश के आराध्य श्री राम लला को वर्षों तक टेंट में रखा। उससे पहले अंग्रेजों और मुगलों ने भी हमारे श्री राम को टेंट में रखा। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के साथ विश्व के 100 करोड़ से ज्यादा हिंदुओं के 400 वर्षों का इंतजार खत्म होने जा रहा है।”