Site icon Samagra Bharat News website

संसद सुरक्षा चूक मामले में पुलिस के सामने खड़ी हुई मुश्किलें, आरोपी महेश और ललित ने भी तोड़े अपने फोन

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 18दिसंबर। संसद सुरक्षा चूक मामले में एक और बड़ा अपडेट सामने आ रहा है. बताया जा रहा है कि अब आरोपी ललित और महेश ने भी अपने फोन तोड़ दिए हैं. महेश ने ही अपना और ललित का फोन ठिकाने लगाया. अब तक संसद कांड के सभी आरोपियों ने अपने फोन तोड़कर नष्ट कर दिए हैं, ताकि पुलिस जानकारी न जुटा सके.

पहले गिरफ्तार चारों आरोपी नीलम, अमोल, मनोरंजन और सागर का फोन ललित ने तोड़ा था और आग के हवाले किया था. अब एक और आरोपी महेश ने ललित और अपना फोन भी चकनाचूर कर दिया. सभी आरोपियों ने अपने फोन ललित झा को दिए थे. यह सब इसलिए किया जा रहा है ताकि इस मामले से जुड़ी कई जानकारी पुलिस के हाथ इंवेस्टिगेशन डिटेल्स न लग सके.

क्या था पूरा प्लान
संसद सुरक्षा मामले में महेश कुमावत की गिरफ्तारी इस मामले में हुई छठी गिरफ्तारी थी. महेश कुमावत ही ललित झा को लेकर कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन पर सरेंडर करने के लिए पहुंचा था. पूछताछ के दौरान आरोपी सागर शर्मा ने बताया कि पहले उनकी योजना संसद के बाहर खुद को आग लगाने की थी, लेकिन बाद में इस प्लान को छोड़ दिया गया, क्योंकि उन्हें इसमें इस्तेमाल करने के लिए एक Gel ऑनलाइन लेना था लेकिन उसकी ऑनलाइन पेमेंट नहीं हो सकी.

क्या है पूरा मामला
दरअसल, 13 दिसंबर को संसद के शीतकालीन सत्र के बीच दो युवक लोकसभा की ऑडियंस गैलेरी से अचानक कूद गए. इन युवकों के हाथ में एक स्प्रे था. इससे उन्होंने पूरी संसद को पीले रंग में रंग दिया. संसद की सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक से हड़कंप मच गया. बड़ी बात ये है कि ये पूरी घटना तब हुई जब संसद में कार्यवाही चल रही थी. सांसद पहले तो इन युवकों को देखकर डर गए, लेकिन फिर इन्हीं में से कुछ सांसदों ने मिलकर इन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की. वहीं, संसद के बाद इसी दौरान एक महिला नारेबाजी कर रही थी. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया. अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

Exit mobile version