Site icon Samagra Bharat News website

किसानों ने शुरू की ‘दिल्ली चलो’ मार्च, शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले- केंद्र ने किसानों को 5वीं मीटिंग के लिए दिया न्योता

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21 फरवरी। फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर खरीद को लेकर केंद्र सरकार के ऑफर को ठुकराने के बाद किसानों ने आज एक बार फिर ‘दिल्ली चलो’ मार्च शुरू कर दिया है। इस बार बॉर्डर पर पुलिस की किलेबंदी तोड़ने के लिए किसान बुलडोजर और जेसीबी जैसी भारी मशीनें लेकर तैयार हैं।

पंजाब के 14 हजार किसानों का शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच शुरू हो गया है। ये 1200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ राजधानी की तरफ निकल रहे हैं। उधर, खनौरी बॉर्डर से भी किसान हरियाणा में घुसने की कोशिश में हैं। यहां भी 800 ट्रैक्टर इनके साथ हैं। इस बीच हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर ड्रोन के जरिए आंसू गैस के गोले दागने शुरू कर दिए हैं। इससे बचने के लिए किसानों ने स्पेशल मास्क और इयर बड्स पहने।

केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों से बातचीत के लिए फिर से न्योता भेजा है। अब तक की सभी बैठकें बेनतीजा रहीं। कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सरकार किसानों से पांचवें दौर की बातचीत के लिए तैयार है। किसान नेता सुरजीत फूल ने कहा कि सरकार का बातचीत का न्यौता आया है। क्या सरकार सिर्फ बातचीत के लिए बातचीत करना चाहती है। समय बर्बाद करने के लिए बातचीत करना चाहती है। हमने उनसे कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या गृह मंत्री अमित शाह अपने ट्विटर पर बयान जारी करें कि हम सभी फसलों पर एमएसपी कानून बनाने सहित सभी मांगों को मानने के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version