Site icon Samagra Bharat News website

यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले योगी कैबिनेट का विस्तार, दारा सिंह समेत चार विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 05 मार्च। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आज उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कैबिनेट का विस्तार किया। इस कैबिनेट विस्तार में चार विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, साबिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा, दारा सिंह चौहान और अनिल कुमार को योगी कैबिनेट में शामिल किया गया है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नए मंत्रियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई। पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं।

बता दें कि योगी 2.0 सरकार में मंत्री बनने के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को लम्बा इंतज़ार करना पड़ा। राजभर जुलाई 2023 में अमित शाह से मिलने गए थे,तब से ही राजभर के मंत्री बनने के कयास लगाए जा रहे थे। आज ओमप्रकाश राजभर ने इंडिया टीवी से कहा कि उन्होंने जुलाई में ही छह जोड़ी नए कपड़े सिलवा लिए थे। ओम प्रकाश राजभर 2017 में योगी सरकार में मंत्री थे,बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।

Exit mobile version