Site icon Samagra Bharat News website

शराब घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल ने पेशी के समन को सेशन कोर्ट में दी चुनौती, 16 मार्च को होना है पेश

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,14 मार्च। दिल्ली शराब घोटाला से जुड़े मनी लॉड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शिकायतों पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपालिटन मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किए गए समन को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सत्र न्यायालय में चुनौती दी है। मालूम हो कि इससे पहले कोर्ट ने केजरीवाल को 16 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया था।

बार-बार समन जारी होने के बाद भी पेश नहीं होने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केजरीवाल के खिलाफ कोर्ट में दो शिकायतें दर्ज की थीं। ईडी पूछताछ के लिए केजरीवाल के विरुद्ध आठ समन जारी कर चुकी है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति मामले में अब तक ईडी की ओर से जारी आठ समन को नजरअंदाज कर चुके हैं। ईडी ने केजरीवाल को 16 मार्च को अदालत के समक्ष उपस्थित होने के लिए नया समन जारी किया है।

दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन का अनुपालन नहीं करने के लिए ईडी ने दूसरी शिकायत के साथ 7 मार्च को राउज एवेन्यू कोर्ट का रुख किया था। हाल ही में सीएम केजरीवाल ईडी द्वारा उन्हें भेजे गए समन को “अवैध” बताया था। आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर विपक्षी दलों को खत्म करने और सरकारें गिराने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने पिछले हफ्ते कहा था, ” उन्होंने मुझे इतने नोटिस भेजे हैं जैसे कि मैं देश का सबसे बड़ा आतंकवादी हूं।”

Exit mobile version