Site icon Samagra Bharat News website

मेरठ में बोले आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, अगर पीएम मोदी न होते तो…

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,01अप्रैल। कभी सपा के साथ रहे RLD नेता जयंत चौधरी ने आज मेरठ में एक जनसभा में पीएम मोदी के साथ मंच साझा किया। इस दौरान जयंत चौधरी ने जनसभा को संबोधित किया। जयंत चौधरी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने को लेकर बयान दिया। जयंत चौधरी ने कहा कि अगर नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री नहीं होते तो चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न न मिलता। बता दें कि रालोद मार्च माह की शुरुआत में ही विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ से अलग होकर राजग का हिस्सा बन गया था। चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।

अपने दादा को मिले सम्मान से अभिभूत जयंत चौधरी ने कहा कि भारत रत्न देकर किसानों का जो सम्मान मोदी सरकार ने किया है उससे पूरे देश के किसान आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। अपने करीब 10 मिनट के भाषण के अधिकांश समय जयंत चौधरी प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा में कसीदे पढ़ते नजर आए। उन्होंने कहा, ‘‘ चौधरी चरण सिंह सरदार वल्लभ भाई पटेल को आदर्श मानते थे, उनकी सियासत को लोग संभाल रहे हैं। वह भ्रष्टाचार को पसंद नहीं करते थे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे है।’’

RLD प्रमुख ने कहा कि ‘राजीव गांधी खुद कहते थे कि सरकार एक रुपया भेजती है, लोगों तक 15 पैसे पहुंचते हैं लेकिन आज मोदी की सरकार में सीधा लाभ लाभार्थी के खाते में जाता है। इस तरह मोदी सरकार भ्रष्टाचार खत्म करके दिखा रही है।’ जयंत चौधरी ने कहा , ‘‘भ्रष्टाचार हमेशा ऊपर से नीचे आता है। देश का सर्वोच्च नेता जब तक भ्रष्टाचारी रहेगा तब तक देश में भ्रष्टाचार खत्म नहीं हो सकता है।’ उन्होंने अपने दादा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का एक किस्सा सुनाते हुए प्रत्यक्ष तौर पर आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधा।

Exit mobile version