Site icon Samagra Bharat News website

ईरान के कब्जे वाले कंटेनर शिप पर सवार महिला क्रू मेंबर की सुरक्षित वतन वापसी, जानें क्या बोले विदेश मंत्री

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 18अप्रैल। ईरान की सेना द्वारा कब्जा किये गए एक कंटेनर शिप पर सवार भारतीय क्रू मेंबर्स के सदस्यों में शामिल महिला कैडेट गुरुवार को सुरक्षित भारत लौट गईं. केरल के त्रिशूर की रहने वाली एन टेसा जोसेफ को सुरक्षित भारत लाया गया है. विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी. विदेश मंत्रालय ने बताया कि तेहरान में भारतीय मिशन कंटेनर शिप ‘एमएससी एरीज’ के बाकी 16 भारतीय क्रू के साथ संपर्क में है. मंत्रालय ने कहा, ‘तेहरान में भारतीय मिशन और ईरान की सरकार के समन्वित प्रयासों से केरल के त्रिशूर की रहने वाली भारतीय कैडेट ऐन टेस्सा जोसफ आज दोपहर में कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंच गईं.’

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘मोदी की गारंटी हमेशा देश या विदेश में डिलीवर करती है.’

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘तेहरान में भारतीय मिशन इस मुद्दे पर काम कर रहा है और कंटेनर शिप के क्रू के बाकी 16 कर्मियों के साथ संपर्क में है.’ उसने कहा कि चालक दल के सदस्यों का स्वास्थ्य अच्छा है और वे भारत में अपने परिजनों के साथ संपर्क में हैं. मंत्रालय ने कहा, ‘भारतीय मिशन एमएससी एरीज के चालक दल के बाकी सदस्यों की कुशलता के लिए ईरान के अधिकारियों के साथ संपर्क में है.’

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस विषय पर चार दिन पहले अपने ईरानी समकक्ष आमिर अब्दुल्लैया के साथ बातचीत की थी. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर (IRGC) के विशेष नौसेना बलों ने 13 अप्रैल को हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास एमसीएस एरीज नाम के जहाज को कथित तौर पर इजराइल के साथ उसके तार जुड़े होने के मद्देनजर जब्त कर लिया था.

Exit mobile version