Site icon Samagra Bharat News website

कांग्रेस ने पटना साहिब से मीरा कुमार के बेटे अंशुल अविजित को दिया टिकट

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 23अप्रैल। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बिहार की पटना साहिब सीट अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. कांग्रेस ने पटना साहिब सीट पर मीरा कुमार के बेटे अंशुल को टिकट देने का ऐलान किया है. बता दें, पटना साहिब लोकसभा सीट पर अंशुल का सीधा मुक़ाबला बीजपी उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद से होगा. रविशंकर प्रसाद 2019 में पटना साहिब से सांसद चुने गए थे वहीं पार्टी ने उन्हें एक बार फिर से मौका दिया है.

वहीं इससे पहले कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को सात उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिनमें पांच उम्मीदवार बिहार के थे. पार्टी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार के मुजफ्फरपुर से अजय निषाद को उम्मीदवार बनाया गया है. इस सीट से वर्तमान सांसद निषाद कुछ दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे.

इसके अलावा बिहार की महाराजगंज लोकसभा सीट से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के पुत्र आकाश प्रसाद सिंह को टिकट दिया गया है. पश्चिमी चंपारण से मदन मोहन तिवारी, समस्तीपुर से सनी हजारी और सासाराम से मनोज कुमार को उम्मीदवार घोषित किया गया है. कांग्रेस बिहार में महागठबंधन के तहत कुल नौ सीट पर चुनाव लड़ रही है. वहीं कांग्रेस ने कल पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया था. ऐसे में कांग्रेस ने आज पटना साहिब से अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है.

Exit mobile version