Site icon Samagra Bharat News website

महाराष्ट्र पुलिस ने लॉरेंस गैंग पर कसा शिकंजा, सलमान के घर पर फायरिंग के आरोपियों पर लगा मकोका

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 27अप्रैल। मुंबई में बालीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपियों समेत हथियार सप्लाई करने वाले आरोपियों पर भी मकोका लगाया है। मकोका यानी महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट है, यह उन मुजरिमों के खिलाफ लगाया जाता है जो कि संगठित अपराध में शामिल पाए जाते हैं।

जानकारी के मुताबिक सलमान खान के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने विक्की गुप्ता और सागर पाल को अरेस्ट किया था। सागर और विक्की को कोर्ट में पेश किया गया था जिसके बाद उनकी रिमांड बढ़ा दी गई। वहीं पुलिस ने एक दिन पहले पंजाब से सुभाष चंदर और अनुज थापन को हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन चारों आरोपियों के खिलाफ राज्य सरकार के कड़े कानून मकोका के तहत कार्रवाई की जा रही है।

महाराष्ट्र पुलिस ने फायरिंग करने वाले और हथियार सप्लाई करने वाले चारों आरोपियों के अलावा मोस्ट वांटेड अनमोल बिश्नोई और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ भी मकोका एक्ट लगाया है। इन दोनों को मिलाकर सलमान के घर पर फायरिंग केस में अब तक 6 लोगों पर मकोका लगाया जा चुका है।

आपको ये भी बता दें कि यह राज्य सरकार का एक सख्त कानून है जो कि संगठित अपराध में शामिल मुजरिमों के खिलाफ लगाया जाता है। इस कानून के तहत उन पर कार्रवाई की जाती है जो कि अंडरवर्ल्ड से जुड़े अपराधी होते हैं, जबरन वसूली करते हैं, फिरौती के लिए किडनैपिंग करते हैं, हत्या या हत्या की कोशिश में संलिप्त होते हैं, जबरन उगाही जैसे संगीन अपराधों में संलिप्त रहते हैं। मकोका लगाए जाने के बाद आरोपियों को आसानी से जमानत नहीं मिलती है।

Exit mobile version