Samagra Bharat News website

देश के आधुनिकतम क्लबों में से एक होगा कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान- वासुदेव देवनानी, विधानसभा अध्यक्ष

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 30मई। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अगुवाई में एक चार सदस्य दल ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके कांस्टीट्यूशन क्लब की कार्य शैली और क्लब के सदस्यों को दी जाने वाली सुविधाओं के साथ ही क्लब के ऑपरेशनल वर्किंग के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष के साथ इस दल में राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्राी गजेन्द्र सिंह खींवसर, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी और राजेंद्र गहलोत भी उपस्थित थे।

बैठक के बाद देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा द्वारा जयपुर में बनाया गया राजस्थान कांस्टीट्यूशन क्लब देश के बेहतरीन क्लबों में से एक है जो संवैधानिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को एक ही जगह पर सर्वश्रेष्ठ एवं नवीनतम सुविधा प्रदान करने का स्थान होगा। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही ‘कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान’ को शुरू करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज हम कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के ऑपरेशन वर्किंग को जानने के लिए यहां आए हैं ताकि इस क्लब की सभी अच्छाइयों को और बेहतर तरीके से कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में सम्मिलित किया जा सके।

देवनानी ने कहा कि कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित देश का सबसे भव्य और बेहतरीन संविधान क्लब है, जहां विधानसभा के लिए चुने गए नए सदस्य पूर्व सदस्यों के अनुभव का लाभ उठा सकेंगे। संविधान क्लब लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और विधानसभा सदस्यों के विचारों के आदान-प्रदान का एक मंच बनेगा।

देवनानी ने दल के सदस्यों के साथ कांस्टीट्यूशन क्लब आॅफ इंडिया के सभी खंडों का जाकर अवलोकन किया तथा वहां की कार्यप्रणाली को गहराई से समझा।

Exit mobile version