Site icon Samagra Bharat News website

Modi 3.0 के संभावित मंत्रियों की लिस्ट, इन नेताओं को मिल सकती है कैबिनेट में जगह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 9जून। लोकसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत मिलने के बाद आज नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेंगे। मोदी के साथ उनकी नई कैबिनेट के मंत्री भी शपथ लेंगे। इस बीच मोदी कैबिनेट के संभावित मंत्रियों की सूची भी सामने आ गई है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर, शिवराज सिंह चौहान, बंदी संजय कुमार और रवनीत सिंह बिट्टू केंद्रीय मंत्रिपरिषद में नए चेहरों में शामिल हो सकते हैं, जो नरेंद्र मोदी के साथ शपथ लेंगे। अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव और मनसुख मंडाविया जैसे वरिष्ठ पार्टी नेताओं को नई सरकार में शामिल होना तय माना जा रहा है। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और उत्तर प्रदेश से सांसद जितिन प्रसाद और महाराष्ट्र से रक्षा खडसे के भी नई सरकार का हिस्सा बनने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से कई नेताओं ने तो मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। सूत्रो के मुताबिक निर्मला सीतारमण, सर्बानंद सोनोवाल और किरेन रिजिजू भी शपथ लेंगे।

टीडीपी के राम मोहन नायडू और चंद्रशेखर पेम्मासानी और जेडी(यू) के ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर के अलावा चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, एच डी कुमारस्वामी और जयंत चौधरी को मंत्री बनाने पर विचार किया जा रहा है।

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते बिट्टू लोकसभा चुनाव हार गए थे, लेकिन उनकी प्रोफाइल और पंजाब में अपनी पैठ बढ़ाने की भाजपा की कोशिशों के चलते उन्हें शामिल किया जा सकता है।

तेलंगाना से चुने गए बंदी संजय कुमार और जी किशन रेड्डी को एक साथ मोदी के आवास के लिए जाते देखा गया और उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्हें मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, संभावित मंत्रियों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

वहीं, झारखंड से कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद संजय सेठ को भी जगह मिल सकती है।

Exit mobile version