Site icon Samagra Bharat News website

आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार का बड़ा बयान: इंडिया ब्लॉक पर लगाया “राम विरोधी” होने का आरोप

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 14जून। लोकसभा चुनाव के नतीजों पर RSS नेता इंद्रेश कुमार ने एक बयान दिया है जिसको लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं. अपने बयान में इंद्रेश कुमार ने कहा है कि जो लोग अहंकारी हो गए थे, उन्हें भगवान राम ने 241 पर रोक दिया.

जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोकसभा चुनाव के नतीजों पर तीखी टिप्पणी करते हुए RSS नेता इंद्रेश कुमार ने गुरुवार को सत्तारूढ़ भाजपा पर “अहंकार” और विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक पर “राम विरोधी” होने का आरोप लगाया.

जयपुर के पास कनोटा में ‘रामरथ अयोध्या यात्रा दर्शन पूजन समारोह’ में आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य ने प्रतिद्वंद्वियों का नाम तो नहीं लिया, लेकिन कहा कि चुनाव के नतीजे उनके रवैये को दर्शाते हैं. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने भक्ति की, लेकिन अहंकारी हो गई, उसे 241 पर रोक दिया गया, लेकिन उसे सबसे बड़ी पार्टी बना दिया गया. उनका इशारा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की ओर था, जिसे लोकसभा में 240 सीटें मिली हैं. इंद्रेश कुमार ने कहा कि जिन लोगों को राम पर कोई भरोसा नहीं था, उन्हें भी 234 पर रोक दिया गया.

लोकतंत्र में रामराज्य का विधान देखिए, जिन्होंने राम की भक्ति की, लेकिन धीरे-धीरे अहंकारी हो गए, वह पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन जो वोट और सत्ता मिलनी चाहिए थी, वह उनके अहंकार के कारण भगवान ने रोक दी.

उन्होंने कहा कि जो लोग राम का विरोध करते थे, उनमें से किसी को भी सत्ता नहीं दी गई. यहां तक ​​कि सभी को मिलाकर नंबर दो बना दिया गया. भगवान का न्याय सच्चा और आनंददायक है.

भगवान राम हमेशा न्यायी थे और रहेंगे
RSS नेता ने कहा कि जो लोग राम की पूजा करते हैं, उन्हें विनम्र होना चाहिए और जो लोग राम का विरोध करते हैं, भगवान स्वयं उनसे निपटते हैं. उन्होंने कहा कि भगवान राम भेदभाव नहीं करते और दंड नहीं देते. राम किसी को दुखी नहीं करते. राम सभी को न्याय देते हैं. वे देते हैं और देते रहेंगे. भगवान राम हमेशा न्यायी थे और रहेंगे.

Exit mobile version