Site icon Samagra Bharat News website

राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में हुए राजा पर्व समारोह में लिया भाग

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 जून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित राजा पर्व समारोह में भाग लिया। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी देखा, जिसमें राजगीत और मयूरभंज छऊ नृत्य, संबलपुरी नृत्य और कर्मा नृत्य जैसी नृत्य कलाओं का प्रदर्शन शामिल था।

इस उत्सव के दौरान फूलों से सजे झूले लगाए गए थे। फूलों और आम के पत्तों से सजे झूले इस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहे। इस अवसर पर मेहंदी कलाकारों को आमंत्रित किया गया था और प्रतिभागियों के लिए शर्बत और पान के अलावा विभिन्न प्रकार के पीठा जैसे उड़िया व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी।

यह पहला अवसर है जब ओडिशा का कृषि आधारित त्योहार राजा पर्व राष्ट्रपति भवन में मनाया गया है। इस उत्सव में प्रतिभागियों को उड़िया संस्कृति और जीवनशैली की अनूठी झलक देखने का अवसर दिया।

राजा पर्व ओडिशा के सबसे प्रसिद्ध त्योहारों में से एक है। तीन दिनों तक चलने वाला यह कृषि उत्सव मानसून के आगमन के दौरान मनाया जाता है। महिलाएं और बच्चे इस त्यौहार को बहुत उत्साह के साथ मनाते हैं।

Exit mobile version