Site icon Samagra Bharat News website

Late Night IAS Reshuffle: ACS डॉ राजेश राजौरा को CS बनाने की कवायद!

समग्र समाचार सेवा
भोपाल, 29जून। IAS अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। इससे यह भी साफ हो गया कि अब डॉ राजेश राजौरा ही अगले मुख्य सचिव होंगे। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की वरिष्ठता सूची पर अगर गौर किया जाए तो फिलहाल डॉ राजौरा से 7 अधिकारी सीनियर है। जिनमें 3 की पदस्थापना मंत्रालय में होने से डॉ राजौरा के मुख्य सचिव बनने पर बाहर पदस्थ किया जाना जरूरी है। इनमें तीन अधिकारियों में दो अधिकारी विनोद कुमार और जेएन कंसोटिया को इस आदेश में मंत्रालय से बाहर पदस्थ कर दिया गया।

अब बाकी बचे पांच अधिकारियों में 1988 बैच के संजय बंदोपाध्याय पहले से मंत्रालय से बाहर कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष है। 1988 बैच की ही मुख्य सचिव वीरा राणा भी है और उन्हें मिले एक्सटेंशन के अनुसार वे सितंबर तक रह सकती हैं। लेकिन, मंत्रालय के गलियारों की चर्चा पर भरोसा किया जाए तो वे 30 जून को रिटायर हो सकती है। बताया जा रहा है कि उन्हें बीपी सिंह के स्थान पर राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाया जा रहा है, जो 30 जून को अपने पदभार से मुक्त हो रहे हैं।

इसके बाद आते हैं 1989 बैच के अनुराग जैन, जो भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ होकर रोड ट्रांसपोर्ट और हाईवे मंत्रालय के सचिव हैं। इसी बैच के ही आशीष उपाध्याय भी भारत सरकार में नेशनल कमीशन फॉर बैकवर्ड क्लासेस में पदस्थ हैं।

इसी बैच के मोहम्मद सुलेमान भी डॉ राजोरा से सीनियर हैं। माना जा रहा है कि जब वीरा राणा रिटायर होंगी, तो उन्हें बोर्ड आफ सेकेंडरी एजुकेशन का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस तरह वे भी मंत्रालय से बाहर पदस्थ हो जाएंगे।

यह परंपरा रही है कि मुख्य सचिव से कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मंत्रालय में पदस्थ नहीं होता है। इसलिए माना जा रहा है कि उसी कवायद के चलते ही कल रात जारी वरिष्ठ IAS अधिकारियों की तबादला सूची में जेएन कंसोटिया और विनोद कुमार को मंत्रालय से बाहर पदस्थ किया गया है। जबकि शेष अधिकारियों में अब केवल अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ही ऐसे बचे हैं जो डॉ राजौरा से सीनियर हैं और जिनकी पदस्थापना अभी होना शेष है।

अंदर के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद सुलेमान की पदस्थापना के आदेश भी संभवतः उसी दिन निकलेंगे, जिस दिन डॉ राजौरा के मुख्य सचिव के आदेश निकलेंगे। उसी दिन वे मंत्रालय से बाहर पदस्थ हो जाएंगे।

ऐसी स्थिति में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या डॉ राजेश राजौरा 1 जुलाई को मुख्य सचिव बनते हैं या इसके कुछ दिनों बाद या दो-तीन महीने बाद! जो भी हो, पर उनके मुख्य सचिव बनने का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है।

साभार- मीडियावाला

Exit mobile version