Site icon Samagra Bharat News website

डीसीडब्ल्यू द्वारा चलाई जा रही महिला हेल्पलाइन नंबर 181 कुछ दिनों तक रहेगा बंद, कैलाश गहलोत ने बताई असल वजह

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,02जुलाई। देश की राजधानी में दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा चलाई जा रही महिला हेल्पलाइन नंबर (181) अगले कुछ दिनों तक काम नहीं करेगी. बता दें कि यह हेल्पलाइन नंबर सेवा सरकारी छुट्टियां और त्योहार समेत पूरे साल 24 घंटे काम करती थी. लेकिन अगले कुछ दिनों के लिए इसे बंद कर दिया गया है. दिल्ली सरकार में गृह विभाग के मंत्री कैलाश गहलोत ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 30 जून तक हेल्पलाइन नंबर (181) चालू था लेकिन अभी इसे वापस शुरू होने में समय लग सकता है.

अगले कुछ दिन बंद रहेगा महिला हेल्पलाइन नंबर
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया है कि महिला हेल्पलाइन नंबर (181) 30 जून तक चालू थी और दिल्ली महिला आयोग द्वारा चलाई जा रही थी. लेकिन अब भारत सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जाने वाली हेल्पलाइन के लिए इसे अनिवार्य बनाने की योजना बना रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

उन्होंने कहा कि ट्रांजिशन फेज में लाइन हस्तांतरण करने में एक से दो दिन का समय लगेगा. मुझे पूरी उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में महिला हेल्पलाइन फिर से चालू हो जाएगी. मदद के लिए फिलहाल 112 पर कॉल किया जा सकता है. महिला संबंधी जो भी कॉल हेल्पलाइन नंबर 112 पर आएंगी, उन्हें डिपार्टमेंट में भेज दिया जाएगा.

जानें क्या है हेल्पलाइन नंबर बंद होने की वजह
आपको बता दें कि महिला हेल्पलाइन नंबर (181) अब तक दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) द्वारा चलाया जा रहा था. लेकिन अब यह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा चलाई जाएगी. जिस कारण यह अगले कुछ दिनों तक काम नहीं करेगी. केंद्र सरकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित की जाने वाली हेल्पलाइन को अनिवार्य बनाने की योजना बना रही है.

Exit mobile version