Site icon Samagra Bharat News website

पति के साथ मछली लेकर घर जा रही महिला को शिवसेना नेता के बेटे ने BMW से रौंदा

समग्र समाचार सेवा
मुंबई,07जुलाई। मुंबई के वर्ली में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार चालक ने एक्टिवा सवार एक कपल को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई। जबकि महिला का पति गंभीर जख्मी हो गया।

दरअसल, वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके से यह कपल मछली पकड़ने के लिए ससून डॉक गया था। जब वे अपनी पकड़ी हुई मछलियां लेकर घर लौट रहे थे, तो उनके उनके वाहन को पीछे से कार चालक ने टक्कर मार दी। जिसके बाद कार चालक घायल महिला को छोड़कर मौके से भाग गया। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इस मामले को लेकर वर्ली पुलिस ने कार मालिक राजेश शाह को हिरासत में लिया है, जो पालघर में शिवसेना (शिंदे) के स्थानीय नेता हैं। पुलिस ने फरार ड्राइवर और शाह के बेटे मिहिर शाह को भी हिरासत में लिया है, जिनके दुर्घटना के समय कार में होने का संदेह है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि पता लगाया जा सके कि दुर्घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था। इस हादसे के बाद शिवसेना (यूबीटी) नेता और विधायक आदित्य ठाकरे वर्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे और कहा कि वह इस घटना को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहते। ठाकरे ने कहा, “मैं इसे राजनीतिक नहीं बनाना चाहता। ड्राइवर चाहे कोई भी हो, उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए।” वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह किस पार्टी से संबंधित है। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”

Exit mobile version