Site icon Samagra Bharat News website

अचानक खराब हुई राजद प्रमुख लालू यादव की तबीयत, एम्स में भर्ती

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24 जुलाई। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक खराब हो गई जिसके बाद मंगलवार को उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। 77 वर्षीय बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री का फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, परिवार के सदस्य उनके पास मौजूद हैं।

बता दें कि लालू यादव को हाल के वर्षों में कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इसके पहले किडनी की गंभीर समस्याओं के कारण दिसंबर 2022 में उनका सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी राहिनी आचार्य ने ट्रांसप्लांट के लिए अपनी एक किडनी दान की थी।

2022 में यादव को अपनी पत्नी राबड़ी देवी के आवास पर गिरने के बाद कई फ्रैक्चर भी हुए थे। एम्स में भर्ती कराने से पहले उनका पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज किया गया था।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल से दौरान चारा घोटाला के कई मामलों में दोषी ठहराए गए राजद नेता फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।

Exit mobile version