Site icon Samagra Bharat News website

NEET UG 2024 फाइनल रिजल्ट जारी, टॉपर्स की संख्या 61 से घटकर 17, हजारों की रैंक बदली

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27जुलाई। एनटीए ने विवादों से घिरे नीट-यूजी पेपर का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। संशोधित परिणाम में 17 अभ्यर्थियों ने टॉप स्थान हासिल किया, जबकि पहले रिजल्ट में 61 स्टूडेंट्स ने टॉप किया था। नए रिजल्ट में हजारों अन्य अभ्यर्थियों के अंकों और रैंक में बदलाव आया है। इसके साथ ही क्वालीफाइंग स्टेटस पाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या और कट-ऑफ में मामूली गिरावट देखी गई है।

फिजिक्स के एक प्रश्न के कारण बदला रिजल्ट
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फिजिक्स के एक प्रश्न के अंकों को ध्यान में रखते हुए परिणामों की पुनरावृत्ति की गई है। एनटीए ने पहले बताया था कि इस प्रश्न के दो सही उत्तर हो सकते हैं, लेकिन आईआईटी दिल्ली ने इसे एक ही सही उत्तर माना। इसके परिणामस्वरूप रिजल्ट को रिफॉर्म किया गया।

44 को मिले थे पूरे अंक
पहले टॉप स्थान पाने वाले 67 उम्मीदवारों में से 44 ने उस प्रश्न के लिए दिए गए अंकों के कारण पूरे अंक प्राप्त किए थे। बाद में टॉपर्स की संख्या घटाकर 61 कर दी गई थी, क्योंकि एजेंसी ने कुछ परीक्षा केंद्रों पर समय के नुकसान की भरपाई के लिए छह उम्मीदवारों को दिए गए ग्रेस मार्क्स वापस ले लिए थे।

परीक्षा को रद्द करने वाली याचिका खारिज
उच्चतम न्यायालय ने नीट-यूजी 2024 के असफल अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा रद्द करने और दोबारा कराने के अनुरोध वाली याचिकाओं को मंगलवार को खारिज कर दिया। न्यायालय ने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता और अन्य गड़बड़ियों को दर्शाने वाली कोई सामग्री रिकॉर्ड में नहीं है।

सीबीआई की जांच जारी
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) नीट-यूजी 2024 में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है और उसने इस मामले में छह प्राथमिकी दर्ज की हैं। नीट-यूजी का आयोजन एनटीए द्वारा सरकारी और निजी संस्थानों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए किया जाता है।

Exit mobile version