Site icon Samagra Bharat News website

मनु भाकर ने ‘भगवद गीता’ को याद कर लगाया आखिरी निशाना, ब्रॉन्ज जीतने के बाद दिल जीतने वाला बयान

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29जुलाई। भारत की महिला शूटर मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। 22 वर्षीय खिलाड़ी ने शूटिंग के 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही पेरिस ओलंपिक में भारत की झोली में पहला मेडल आ गया। मनु भाकर की इस शानदार उपलब्धि ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

भगवद गीता से मिली प्रेरणा
पेरिस में भारत का परचम लहराने के बाद भारतीय महिला शूटर ने दिल जीतने वाला बयान दिया है। फाइनल मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “आखिरी मौके पर मेरे दिमाग में भगवद गीता की वो संदेश चल रही थी जब भगवान श्री कृष्ण अर्जुन को ज्ञान दे रहे थे।” मनु ने आगे कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मैं ज्यादातर समय भगवद गीता पढ़ती हूं और आज भी मैच के आखिरी क्षणों में मेरे दिमाग में श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश की बातें चल रही थी। मैं सोच रही थी कि यहां जो मेरा लक्ष्य है बस उस पर ध्यान दूं, बाकी चीजों के बारे में ना सोचूं क्योंकि किस्मत को हम बदल नहीं सकते लेकिन अपने कर्म पर कंट्रोल कर सकते हैं।”

मनु भाकर का फाइनल मुकाबला
भारतीय शूटर मनु भाकर ने 221.7 पॉइंट्स हासिल किए। इस इवेंट में कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 पॉइंट स्कोर करके ओलंपिक रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 पॉइंट बनाए। बता दें, टोक्यो ओलंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। तब मनु सिर्फ 14 शॉट लगा पाईं और फाइनल की रेस से बाहर हो गईं थीं। लेकिन इस बार उन्होंने सारा हिसाब बराबर कर लिया है।

मनु भाकर ने खत्म किया 12 साल का इंतजार
फाइनल में मनु ने शुरू से ही तीसरा स्थान बरकरार रखा और तीसरा स्थान ही हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण और रजत पदक दक्षिण कोरिया की दो एथलीट्स ने जीता। ओह ये जिन 243.2 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक और किम येजी ने 241.3 के स्कोर के साथ रजत पदक अपने नाम किया। मनु भाकर क्वालिफिकेशन राउंड में भी तीसरे स्थान पर रही थीं। वह शूटिंग में भारत को ओलंपिक पदक दिलाने वाली भारत की पहली महिला एथलीट हैं। इसके साथ ही उन्होंने शूटिंग में भारत के पदक के 12 साल के सूखे को भी खत्म किया। 2012 लंदन ओलंपिक में गगन नारंग और विजय कुमार ने शूटिंग में पदक जीता था।

देश का गर्व
मनु भाकर की इस उपलब्धि पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, और कई अन्य गणमान्य लोगों ने मनु को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है। यह कांस्य पदक न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि भारत की युवा पीढ़ी के लिए भी एक प्रेरणा है।

मनु भाकर की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय महिला शूटर अंतरराष्ट्रीय मंच पर किसी से कम नहीं हैं। उनका यह कांस्य पदक भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और यह भारत की युवा महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Exit mobile version