Site icon Samagra Bharat News website

भारत की राष्ट्रपति का न्यूजीलैंड दौरा: गवर्नर जनरल, प्रधानमंत्री, और उप प्रधानमंत्री से की मुलाकात

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 9अगस्त। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर-लेस्ते की अपनी राजकीय यात्रा के दूसरे चरण में गुरूवार की सुबह (8 अगस्त, 2024) वेलिंग्टन, न्यूजीलैंड पहुंचीं।

न्यूजीलैंड के गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो ने गवर्नमेंट हाउस में राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक माओरी ‘पोविरी’ समारोह के साथ उनका स्वागत किया गया और उन्‍हें रॉयल गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस बैठक के दौरान दोनों राजनेताओं ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच गर्मजोशीपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंधों की सराहना की और विभिन्न क्षेत्रों में परस्‍पर सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने व्यापार और कारोबार के माध्यम से पारस्परिक रूप से लाभप्रद सहयोग और साझेदारियों को सुनिश्चित करने के प्रयासों पर जोर दिया।

माननीया राष्ट्रपति ने ‘न्यूजीलैंड अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन’ को संबोधित किया, जहां इस वर्ष भारत को ‘सम्मानित देश’ चुना गया है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने भारतीय शिक्षा की समृद्ध परंपरा और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला, जिसमें ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति’ शामिल है, जिसका उद्देश्य भारतीय शिक्षा परिदृश्य में व्यापक बदलाव लाना है।

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड अनुसंधान और नवाचार, समावेशिता और उत्कृष्टता पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रसिद्ध है। अनगिनत भारतीय विद्यार्थी न्यूजीलैंड के विभिन्न संस्थानों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। माननीया राष्ट्रपति ने विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, व्यावसायिक व कौशल-आधारित प्रशिक्षण, जलवायु एवं पर्यावरण अध्ययन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों और अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्रों में शैक्षणिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी माननीया राष्ट्रपति से मुलाकात की। दोनों राजनेताओं ने सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा के प्रति कटिबद्धता जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इससे पहले न्यूजीलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने भी राष्ट्रपति मुर्मु से भेंट की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति और परस्‍पर सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

राष्ट्रपति ने वेलिंगटन रेलवे स्टेशन पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और पुकेहू राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो इन दोनों अवसरों पर राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहीं।

वेलिंगटन में अपने अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम में माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अपने सम्मान में गवर्नर जनरल किरो द्वारा आयोजित भोज में भाग लिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने पिछले कुछ वर्षों में गर्मजोशीपूर्ण और मैत्रीपूर्ण संबंध विकसित किए हैं, जो लोकतंत्र और कानून के शासन में निहित साझा मूल्यों पर आधारित हैं। दोनों देश विविधता और समावेशिता को विशेष महत्व देते हैं, जो हमारे समाज के बहुसांस्कृतिक ताने-बाने में स्पष्ट है।

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के साथ हमारे जुड़ाव को मजबूत करने और परस्‍पर सहयोग के नए रास्ते तलाशने की अपार संभावनाएं हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हरित प्रौद्योगिकी, कृषि प्रौद्योगिकी, और अंतरिक्ष की वाणिज्यिक खोज के क्षेत्र में सहयोग के अवसर हैं। राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुई कि भारत और न्यूजीलैंड ने जलवायु परिवर्तन, सतत विकास, और अंतर्राष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए लगातार मिलकर काम किया है।

राजकीय यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच अभूतपूर्व सौहार्दपूर्ण संवाद से उनके बीच विशेष जुड़ाव और आत्मीयता सामने आई। गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो इस पद पर आसीन होने वाली माओरी मूल की प्रथम महिला हैं, जबकि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जनजातीय समुदाय से भारत की प्रथम महिला राष्ट्रपति हैं। दोनों नेताओं की शिक्षा के क्षेत्र में समान रुचि और अनुभव भी है।

वेलिंगटन में आधिकारिक कार्यक्रमों के सफल समापन के बाद राष्ट्रपति ऑकलैंड के लिए रवाना हो गईं, जहां वह भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी।

Exit mobile version