Site icon Samagra Bharat News website

दिल्ली आबकारी नीति मामला: केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद BJP ने मांगा इस्तीफा, मनीष सिसोदिया की प्रतिक्रिया

समग्र समाचार सेवा
दिल्ली 19 अगस्त।  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तारी के बाद से बीजेपी लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री और AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि किसी मंत्री की गिरफ्तारी से सरकार पर कोई खतरा नहीं आता, लेकिन अगर मुख्यमंत्री इस्तीफा देता है, तो सरकार गिर जाती है।

सिसोदिया ने एक इंटरव्यू में कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके दिल्ली सरकार गिराना चाहती थी, लेकिन उनकी यह साजिश नाकाम हो गई क्योंकि केजरीवाल ने इस्तीफा नहीं दिया।

जब सिसोदिया से पूछा गया कि उन्होंने अपने डिप्टी सीएम पद से इस्तीफा क्यों दिया, तो उन्होंने कहा कि जब उन्हें गिरफ्तार किया गया, तो परिस्थितियाँ अलग थीं। सत्येंद्र जैन पहले से ही जेल में थे, और सिसोदिया कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, इसलिए उन्होंने विभागों के काम न रुकें, इसलिए इस्तीफा दिया।

क्या पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा?

जब सिसोदिया से पूछा गया कि क्या पार्टी की छवि को इन घटनाओं से नुकसान पहुंचा है, तो उन्होंने कहा कि आरोप लगने से हम गारंटी नहीं दे सकते कि हमारे ऊपर कोई आरोप नहीं लगेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे विधायकों पर कई बार गलत आरोप लगाए गए, लेकिन हम हर बार साफ निकले। उन्होंने कहा, “हम काजल की कोठरी में भी जाएंगे तो बिना छुए निकल आएंगे।”

 

Exit mobile version