Site icon Samagra Bharat News website

आरएसएस की केरल में तीन दिवसीय समन्वय बैठक, राष्ट्रीय मुद्दों और शताब्दी वर्ष की पहलों पर होगी चर्चा

समग्र समाचार सेवा

केरल, 31 अगस्त. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) 31 अगस्त से 2 सितंबर तक केरल के पलक्कड़ जिले में तीन दिवसीय समन्वय बैठक आयोजित कर रहा है। इस बैठक में राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी और 2025 में संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर शुरू की जाने वाली विभिन्न पहलों पर भी विचार-विमर्श होगा।

बैठक की शुरुआत में वायनाड में हाल ही में हुई भूस्खलन की घटना और उस दौरान संघ कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए राहत कार्यों की जानकारी साझा की गई। संघ के कार्यकर्ताओं ने भूस्खलन प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।

आरएसएस की इस समन्वय बैठक में संघ से प्रेरित 32 संगठनों के करीब 320 कार्यकर्ता भाग लेंगे। हालांकि, यह संघ की कार्यकारी बैठक नहीं है, बल्कि विभिन्न संगठनों की बैठक है, जिसमें संगठन के कार्यकर्ता अपने अनुभव साझा करेंगे और अपने-अपने कार्यक्षेत्र की जानकारी देंगे।

बैठक में राष्ट्रीय हित के विभिन्न मुद्दों के साथ ही बांग्लादेश में हाल में हुए घटनाक्रम पर भी चर्चा होगी। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि सामाजिक बदलाव के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा और महत्वपूर्ण घटनाओं पर चर्चा की जाएगी।

2025 में अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर, आरएसएस विजयादशमी के दिन पांच प्रमुख नई पहलों की शुरुआत करेगा। इनमें सामाजिक समरसता, परिवार जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, और नागरिक दायित्व शामिल होंगे।

आरएसएस की यह बैठक राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर संवाद के साथ-साथ संगठन के आगामी कार्यों की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

Exit mobile version