Site icon Samagra Bharat News website

जेएमएम से निष्कासित नेता लोबिन हेम्ब्रोम और पूर्व सीएम मधु कोड़ा बीजेपी में शामिल, पार्टी को झटका

समग्र समाचार सेवा

झारखंड, 31 अगस्त. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से निष्कासित नेता लोबिन हेम्ब्रोम और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की मौजूदगी में इन नेताओं का बीजेपी में स्वागत किया गया। लोबिन हेम्ब्रोम को इस साल जेएमएम से निष्कासित किया गया था, जब उन्होंने लोकसभा चुनाव में निर्दलीय नामांकन भरा था।

बीजेपी में लोबिन का स्वागत करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा, “झारखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता लोबिन हेम्ब्रोम का बीजेपी परिवार में स्वागत है।” इस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, सीता सोरेन और चंपई सोरेन भी मौजूद थे।

लोबिन हेम्ब्रोम को दलबदल के आरोपों के चलते जेएमएम से निष्कासित किया गया था और उनकी विधायकी भी चली गई थी। उधर, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भी बीजेपी का दामन थामा, जबकि उनकी पत्नी गीता कोड़ा पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो चुकी थीं।

इस साल जेएमएम के तीन बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का रुख किया है, जिससे जेएमएम को बड़ा झटका लगा है।

Exit mobile version