Site icon Samagra Bharat News website

हरियाणा के चरखी दादरी में गोमांस के शक पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

समग्र समाचार सेवा

हरियाणा, 01 सितम्बर.  हरियाणा के चरखी दादरी में 27 अगस्त को गोमांस खाने के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग युवक को लाठी-डंडों से मारते दिख रहे हैं। मृतक की पहचान साबिर मलिक के रूप में हुई है।

इस घटना को लेकर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “भीड़ हत्या/मॉब लिंचिंग का रोग खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। हरियाणा के चरखी दादरी में गोमांस खाने के शक में एक गरीब युवक की पीट-पीटकर नृशंस हत्या मानवता को शर्मसार व कानून के राज की पोल खोलती है, यह अति-दुखद व निन्दनीय। सख्त कार्रवाई जरूरी है।”

पुलिस ने 29 अगस्त को इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो नाबालिग हैं। नाबालिगों को सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने साबिर मलिक को प्लास्टिक की बोतलें बेचने के बहाने एक दुकान पर बुलाया और वहां उसे बुरी तरह पीटा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान अभिषेक, मोहित, रविंदर, कमलजीत और साहिल के रूप में हुई है। जब मलिक को पीटा जा रहा था, कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया, लेकिन आरोपी उसे दूसरे स्थान पर ले गए और वहां फिर से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

Exit mobile version